बिलासपुर में पूर्णतः महिला-संचालित डिस्पेंसरी
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ के बिलासपुर एसईसीएल में पूर्णतः महिला-संचालित डिस्पेंसरी का उद्घाटन हुआ है. महिला सशक्तिकरण की दिशा में सशक्त कदम उठाते हुये, साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय बिलासपुर में महिला संचालित वसंत विहार डिस्पेंसरी का सोमवार औपचारिक उद्घाटन किया गया.
गौरतलब है कि कोल इंडिया की यह पहली डिस्पेंसरी है, जो पूर्णतः महिलाओं द्वारा संचालित है. यह पहल कोयला क्षेत्र में महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. वसंत विहार डिस्पेंसरी अब पूर्णतः 14 सदस्यीय महिला टीम द्वारा संचालित होगी, जिसमें डॉक्टर, नर्स, फार्मासिस्ट और सहायक कर्मचारी शामिल हैं.
इस डिस्पेंसरी में ओपीडी सेवा, आकस्मिक और आपातकालीन चिकित्सा सेवायें, ड्रेसिंग एवं इंजेक्शन कक्ष, ईसीजी सुविधा, पैथोलॉजी परीक्षणों के लिये रक्त संग्रह केंद्र और ओपीडी फार्मेसी जैसी सुविधायें हैं.
साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहान ने डिस्पेंसरी का उद्घाटन किया. सीएमडी हरीश दुहन ने अपने संबोधन में एसईसीएल में कोल इंडिया की पहली पूर्णतः महिला-संचालित डिस्पेंसरी आरंभ किया जाना गर्व का विषय बताया.