बीजापुर पुलिस: सुरक्षा, विश्वास और विकास की दिशा में अग्रसर
बीजापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जिला बीजापुर के सुदूरवर्ती दक्षिण क्षेत्र में कर्रेगुट्टा पहाड़ के समीप दिनांक 12 अक्टूबर 2025 को नवीन सुरक्षा कैंप ताड़पाला बेस की स्थापना की गई. यह पहल छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी योजना “नियद नेल्ला नार” के अंतर्गत ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं एवं सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है.
कर्रेगुटटा हिल्स में माओवादियों की उपस्थिति की आसूचना एवं माओवादियों की गतिविधियों पर नजर रखने एवं प्रभावी कार्यवाही हेतु नवीन बेस कैम्प ताड़पाला की स्थापना की गई है. यह बेस कैंप माओवादियों के विरुद्ध ऑपरेशन लॉन्चिंग पॉइंट के रूप में काम करेगा.
बेस कैंप बनने से सुरक्षा बलों की नियमित गश्त, एरिया डॉमिनेशन और पेट्रोलिंग बढ़ेगी. नक्सलियों की आवाजाही पर सतत निगरानी रखी जावेगी एवं प्रभावी कार्यवाही संभव होगा.
स्थानीय “जनताना सरकार”, “मिलिशिया नेटवर्क” जैसे ढांचे की सक्रियता पर रोक लगेगी. सूचना तंत्र मज़बूत होने से संपर्क बिंदु व लॉजिस्टिक रूट्स की पहचान कर कार्यवाही करना आसान होगा.
बेस कैंप के माध्यम से स्वास्थ्य शिविर, खेल प्रतियोगिता, स्कूल सुधार, सौर लाइट, पानी की व्यवस्था जैसे जनसंपर्क कार्यक्रम नियमित रूप से चलाए जा सकेंगे. इससे पुलिस-जनता के बीच विश्वास की दूरी घटेगी.