शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ विधानसभा: LPG की किल्लत पर हंगामा, विपक्ष के 30 विधायक निलंबित

C

CG Khabar

12 मार्च 2026, 02:43 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

LPG
LPG

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ विधानसभा में गुरुवार को रसोई गैस सिलेंडरों की कमी और बढ़ती कीमतों के मुद्दे पर विपक्षी दल कांग्रेस ने जमकर हंगामा किया. शून्यकाल के दौरान नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने राज्य में एलपीजी की किल्लत का मुद्दा उठाते हुए चर्चा की मांग की. 


उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के आश्वासन के बावजूद कीमतों में बढ़ोतरी हुई और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. 


इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अंतरराष्ट्रीय तनाव का हवाला देते हुए कहा कि गैस की कमी के कारण राज्य के 50 प्रतिशत होटल बंद होने की कगार पर हैं और आने वाले शादी-ब्याह के सीजन में स्थिति और विकराल हो सकती है. बघेल ने सरकार से कालाबाजारी और जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए स्पष्ट कार्ययोजना की मांग की.


सत्ता पक्ष की ओर से भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने दलील दी कि रसोई गैस राज्य का विषय नहीं है, जिससे सदन में तल्खी और बढ़ गई. 


जब विधानसभा अध्यक्ष ने चर्चा की अनुमति नहीं दी, तो कांग्रेस विधायक सदन के गर्भगृह में पहुंचकर नारेबाजी करने लगे. इसके चलते सदन की कार्यवाही कुछ समय के लिए स्थगित करनी पड़ी और नियम के तहत गर्भगृह में प्रवेश करने वाले 30 कांग्रेसी विधायकों को स्वतः निलंबित कर दिया गया. हालांकि, कुछ ही देर बाद उनका निलंबन वापस ले लिया गया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP