रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

विधानसभा का नाम मिनी माता के नाम पर रखा जाए- अमित जोगी

विधानसभा का नाम मिनी माता के नाम पर रखा जायें- अमित जोगी

C

CG Khabar

31 अक्टू. 2025, 01:42 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

अमित जोगी
अमित जोगी

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के नए विधानसभा भवन के उद्घाटन निमंत्रण कार्ड से राज्य की पहली सांसद मिनी माता के नाम को हटाने को लेकर, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (J) ने राज्य सरकार के खिलाफ अपना विरोध प्रदर्शन तेज़ कर दिया है. JCC(J) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने इस कदम को छत्तीसगढ़ के गौरव, महिला सशक्तिकरण और दलित प्रतिनिधित्व का अपमान बताते हुए उद्घाटन का निमंत्रण कार्ड विरोध स्वरूप जला दिया है.


पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय अजीत जोगी के पुत्र अमित जोगी ने रायपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए भावुक होकर बताया कि उनके पिता ने ही पुराने विधानसभा भवन का नाम मिनी माता के सम्मान में उनके नाम पर रखा था. उन्होंने कहा, "आज, जब राज्य 25वें स्थापना दिवस पर नए भवन का उद्घाटन कर रहा है, हमें विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मिले निमंत्रण कार्ड में कहीं भी 'मिनी माता' का नाम नहीं है."

विज्ञापन


जोगी ने इस चूक को "एक सुनियोजित साजिश या एक गंभीर त्रुटि" करार दिया और इसे छत्तीसगढ़ के लोगों, इतिहास और संवैधानिक मूल्यों का सीधा अपमान बताया. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या प्रधानमंत्री इस भवन का नाम किसी और के नाम पर रखना चाहते हैं? उन्होंने स्पष्ट किया कि यह भवन छत्तीसगढ़ का है, और इसका नाम "छत्तीसगढ़ की बेटी" के नाम पर ही होना चाहिए.


अमित जोगी ने विधानसभा अध्यक्ष से तत्काल एक संशोधित निमंत्रण जारी करने की मांग की, जिसमें स्पष्ट रूप से "मिनी माता विधानसभा भवन, नवा रायपुर" का उल्लेख हो.


उन्होंने एक कड़ा रुख अपनाते हुए छत्तीसगढ़ के सभी सांसदों, विधायकों और पूर्व विधायकों से अपील की कि अगर मिनी माता का नाम हटाने की यह साजिश जारी रहती है, तो वे शनिवार को होने वाले प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का बहिष्कार करें.


इसके अलावा, उन्होंने नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत से भी मिनी माता के लिए आवाज़ उठाने का आग्रह किया. जोगी ने घोषणा की कि अगर विधानसभा का नाम मिनी माता के नाम पर नहीं रखा गया, तो वह प्रधानमंत्री के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल तो होंगे, लेकिन विरोध दर्ज कराने के लिए काले कपड़े पहनकर बाहर धरना देंगे. उन्होंने इस विषय को उठाने के लिए प्रधानमंत्री को पत्र लिखने की बात भी कही.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP