शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

शादी में उम्र की बाधा बनी मौत का कारण: पेंड्रा में प्रेमी जोड़े ने दी जान

C

CG Khabar

12 फ़र. 2026, 01:43 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

फांसी लगाकर आत्महत्या
फांसी लगाकर आत्महत्या

पेन्ड्रा । डेस्क: छत्तीसगढ़ के गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ विवाह न हो पाने के गम में एक युवक और युवती ने आत्मघाती कदम उठा लिया. पेंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम पनकोटा में रहने वाले कृष्णकुमार भैना (18 वर्ष) और कोटा क्षेत्र की अनिता भैना (19 वर्ष) लंबे समय से एक-दूसरे के साथ जीवन बिताना चाहते थे. परिजनों की सहमति न होने के कारण दोनों ने 10 फरवरी को आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से विवाह करने का निर्णय लिया था. 


हालांकि, कानूनी रूप से विवाह के लिए युवक की आयु कम होने के कारण उनका यह सपना पूरा नहीं हो सका.


शादी न हो पाने की हताशा बुधवार रात एक बड़े विवाद में बदल गई. बताया जा रहा है कि सामाजिक लोकलाज और भविष्य की चिंता को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद अनिता ने घर के भीतर ही फंदा लगाकर अपनी जान दे दी. 


अपनी प्रेमिका को मृत अवस्था में देख कृष्णकुमार गहरे सदमे में चला गया. उसने पहले अनिता के शव को फंदे से उतारा और फिर खुद घर से निकलकर पास के जंगल में एक नीलगिरी के पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली. 


सुबह जब ग्रामीणों ने युवक का शव देखा, तब इस दोहरी त्रासदी का खुलासा हुआ. पुलिस ने मौके पर पहुँचकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.  

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP