जनता को निराश करने वाला बजट- दीपक बैज
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने साय सरकार द्वारा पेश किए गए बजट पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे "संकल्प का नया जुमला" करार दिया है. बैज ने कहा कि यह बजट पूरी तरह से जमीनी हकीकत से दूर और आम जनता को निराश करने वाला है.
उन्होंने वित्त मंत्री की तुलना एक कल्पनाओं में डूबे हाई स्कूल के बच्चे से करते हुए आरोप लगाया कि बजट में केवल बड़े-बड़े सपने दिखाए गए हैं, लेकिन उन्हें पूरा करने के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं किए गए.
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बस्तर और सरगुजा के विकास के दावों को खोखला बताते हुए कहा कि पिछले बजट में घोषित 20 हजार शिक्षकों की भर्ती का अब तक अता-पता नहीं है. उन्होंने भाजपा के उस चुनावी वादे पर भी सवाल उठाया जिसमें 5 साल में 1 लाख युवाओं को नौकरी देने की बात कही गई थी, लेकिन इस बजट में उस पर पूरी तरह चुप्पी साध ली गई है.
बैज के अनुसार, बजट में नए स्कूल, कॉलेज, सिंचाई बांध या महिला स्व-सहायता समूहों के लिए कोई विशेष योजना नहीं है.
बैज ने तंज कसते हुए कहा कि रमन सरकार के 15 साल से लेकर वर्तमान सरकार के अब तक के कार्यकाल तक भाजपा केवल मेट्रो ट्रेन का सर्वे ही करा रही है.
युवाओं के बेरोजगारी भत्ते और छात्राओं के लिए मुफ्त परिवहन जैसे वादों को भी बजट में जगह नहीं मिली है. उद्योगों के लिए 'लैंड बैंक' बनाने की घोषणा को उन्होंने किसानों की जमीन छीनने की साजिश बताया.
बिजली बिल हाफ योजना पर आशंका जताते हुए उन्होंने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए मात्र 80 करोड़ का प्रावधान संकेत देता है कि सरकार 200 यूनिट मुफ्त बिजली योजना को बंद कर सकती है.
इसके अलावा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, रसोइयों, डीएड अभ्यर्थियों और अनियमित कर्मचारियों के नियमितीकरण के लिए बजट में कोई प्रावधान न होने को उन्होंने प्रदेश के साथ छलावा बताया है. बैज ने अंत में सवाल किया कि भर्ती एजेंसियों को मजबूत करने की बात तो की जा रही है, लेकिन सरकार यह स्पष्ट करे कि एक साल में वास्तव में कितनी नौकरियां दी जाएंगी.