छत्तीसगढ़ में 9 साल की भतीजी से जंगल में बलात्कार, चाचा गिरफ्तार
बालोद । डेस्क: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के गुंडरदेही क्षेत्र में एक 55 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी 9 वर्षीय भतीजी के साथ बलात्कार किया. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने दुर्गा पूजा की तैयारियां दिखाने के बहाने बच्ची को अपने साथ मोटरसाइकिल पर जंगल ले जाकर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया.
यह घटना गुरुर थाना क्षेत्र में सोमवार को हुई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है.
पुलिस अधीक्षक (एएसपी) मोनिका ठाकुर ने बताया कि बच्ची के पिता की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है.
शिकायत में कहा गया कि बच्ची अपने गांव में शाम के समय खेल रही थी, तभी आरोपी ने उसे दुर्गा पूजा की तैयारियां दिखाने का लालच दिया. इसके बाद वह उसे जंगल में ले गया, जहां उसने बच्ची के साथ बलात्कार किया और उसका गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की.
गुरुर थाना प्रभारी सुनील तिर्की ने बताया कि बच्ची किसी तरह भागकर पास के गांव पहुंची और वहां के लोगों को घटना के बारे में बताया.
ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके से आरोपी के चप्पल, चश्मा और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं.
उन्होंने बताया कि आरोपी पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है और वह एक आदतन अपराधी है.
प्रारंभिक जांच में पता चला कि बच्ची तीसरी कक्षा की छात्रा है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच को आगे बढ़ा रही है.