छत्तीसगढ़: कवर्धा में 61 आदिवासी परिवारों ने की हिंदू धर्म में वापसी
कवर्धा के महिदबरा गांव में 'संस्कृति गौरव अभिनंदन समारोह' के दौरान 61 बैगा आदिवासी परिवारों की सनातन धर्म में वापसी हुई, जहां बीजेपी विधायक भावना बोहरा ने उनका स्वागत किया.
कवर्धा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के महिदबरा गांव में 'संस्कृति गौरव अभिनंदन समारोह' कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में पंडरिया से भारतीय जनता पार्टी की विधायक भावना बोहरा ने 61 बैगा आदिवासी परिवारों की हिंदू धर्म में वापसी पर उनका स्वागत किया. बीजेपी विधायक भावना बोहरा ने बैगा समुदाय के इन परिवारों के पैर धोए और उन्हें शॉल तथा नारियल भेंट कर सम्मानित किया.
भावना बोहरा ने कहा कि अपने खिलाफ उड़ रही अफवाहों और झूठे बयानों से वह बेपरवाह हैं. उनके आलोचक जितनी निंदा करेंगे, वह इस कार्य को जारी रखने के लिए उतनी ही दृढ़ होंगी. उन्होंने कहा कि 61 बैगा परिवारों की सनातन धर्म में वापसी सिर्फ एक शुरुआत है और यह प्रक्रिया तब तक जारी रहेगी जब तक दूसरे धर्म में गए सभी लोग अपने मूल धर्म में वापस नहीं आ जाते.
बोहरा ने बताया कि अतीत में स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं की कमी के कारण निर्दोष ग्रामीणों को गुमराह कर, लालच या झूठे आश्वासन देकर धर्म परिवर्तन कराया गया था, लेकिन अब स्थिति तेजी से बदल रही है.
विधायक ने कहा कि वे यहां विधायक के रूप में नहीं बल्कि एक सामाजिक कार्यकर्ता और बहन के नाते शामिल हुई हैं. उन्होंने आलोचकों को चुनौती देते हुए कहा कि जो लोग वीडियो बनाकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं, वे ऐसा करते रहें, लेकिन वह अपने मिशन से पीछे नहीं हटेंगी.
कार्यक्रम में मौजूद आदिवासी नेता मछिया बैगा ने कहा कि शिक्षा की कमी के कारण उनके समुदाय के लोग दूसरे धर्म में चले गए थे और अब उनके वापस लौटने से वे बेहद खुश हैं. वहीं सनातन धर्म में वापस लौटे ग्रामीण धर्मलाल ने बताया कि वह गंभीर कठिनाइयों से जूझ रहे थे और उन्हें दूसरे धर्म में लुभाया गया था, लेकिन अब वे खुशी-खुशी अपने मूल धर्म में लौट आए हैं. भावना बोहरा ने बताया कि वे अब तक 600 से अधिक परिवारों की मूल धर्म में वापसी करा चुकी हैं.