शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ के 4106 ग्राम पंचायतें हुईं टीबी मुक्त

C

CG Khabar

26 जुल. 2025, 04:46 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

टीबी
टीबी

रायपुर । संवादाता: छत्तीसगढ़ के 4106 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया है. इस तरह से छत्तीसगढ़ राज्य टीबी जैसी गंभीर बीमारी के उन्मूलन की दिशा में प्रभावी और सुनियोजित प्रयासों के साथ आगे बढ़ रहा है.


उल्लेखनीय है कि राज्य में 7 दिसंबर 2024 को "निक्षय-निरामय छत्तीसगढ़ – 100 दिवसीय अभियान" की शुरुआत की गई. इस अभियान का उद्देश्य था – टीबी के विरुद्ध जमीनी स्तर पर निर्णायक लड़ाई छेड़ना.


इस अभियान के अंतर्गत राज्य के सभी जिलों में घर-घर जाकर उच्च जोखिम वाले व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें सूचीबद्ध करते हुये आधुनिक तकनीकों के माध्यम से जांच कराई गई. इस अभियान के तहत 36 लाख से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की गई, 4.5 लाख से अधिक एक्स-रे जांचें की गईं और 1.5 लाख से अधिक व्यक्तियों की जांच अत्याधुनिक ‘नॉट मशीन’ से की गई.


यह व्यापक परीक्षण प्रक्रिया टीबी की शीघ्र पहचान और त्वरित उपचार के लिए अत्यंत प्रभावी सिद्ध हुई. इस अभियान की सफलता में जनभागीदारी की भूमिका भी उल्लेखनीय रही. समाज के उन वर्गों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है, जो आमतौर पर स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित रह जाते हैं. जैसे कि जेलों में बंद बंदी, वृद्धाश्रमों के बुजुर्ग, छात्रावासों में रह रहे छात्र तथा फैक्ट्रियों में कार्यरत श्रमिक. इनके लिये विशेष शिविरों का आयोजन कर जांच और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की गई.


इन समर्पित प्रयासों और सामूहिक भागीदारी का ही परिणाम है कि छत्तीसगढ़ राज्य को टीबी मुक्त ग्राम पंचायत कार्यक्रम के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिये राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है. अब तक राज्य की 4106 ग्राम पंचायतों को "टीबी मुक्त" घोषित किया जा चुका है जो एक उल्लेखनीय उपलब्धि है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP