शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़: आसमानी बिजली और करंट लगने से 3 लोगों की मौत

C

CG Khabar

21 जून 2026, 01:10 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

करेंट से मौत
करेंट से मौत

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में बीते 24 घंटों के भीतर मौसम के बदले मिजाज और अलग-अलग हादसों में एक 11 वर्षीय बच्ची और एक दंपती समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए आगामी दो दिनों के लिए राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ अंधड़ और आकाशीय बिजली गिरने का नया अलर्ट जारी किया है.


पहली घटना सक्ती जिले के अण्डा गांव की है, जहां शुक्रवार शाम को घर के बाहर खेल रही छठवीं कक्षा की छात्रा दीप्ति चंद्रा (11 वर्ष) पर अचानक आसमानी बिजली गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. 


वहीं दूसरी हृदय विदारक घटना बिलासपुर के मस्तूरी क्षेत्र के कर्रा गांव में शनिवार को सामने आई. यहाँ रजनी चंद्राकर (32 वर्ष) अपने घर के आंगन में कपड़े सुखाने वाले जीआई तार के संपर्क में आ गईं, जिसमें करंट दौड़ रहा था. पत्नी को तड़पता देख पति सचिन चंद्राकर (45 वर्ष) उन्हें बचाने दौड़े, लेकिन वे भी करंट की चपेट में आ गए. 


मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.


पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पिछले दिनों आए तेज तूफान के कारण बिजली का एक मुख्य केबल टूटकर कपड़े सुखाने वाले लोहे के तार पर गिर गया था, जिससे पूरे तार में करंट फैल गया. 


पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है. 


मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार को भी प्रदेश के चुनिंदा इलाकों में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP