दुर्ग में 10वीं की छात्रा ने परीक्षा से पहले की आत्महत्या
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र अंतर्गत घासीदास नगर में रहने वाली 17 वर्षीय नारायणी साहू ने मंगलवार सुबह अपने कमरे में दुपट्टे से फंदा लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. वह स्वामी आत्मानंद विद्यालय (हाउसिंग बोर्ड) में कक्षा 10वीं की छात्रा थी.
परिवार के अनुसार, सोमवार को नारायणी स्कूल से अपना प्रवेश पत्र लेकर घर लौटी थी. वह शाम और रात भर पढ़ाई में जुटी रही और करीब 12 बजे तक बहनों के साथ अध्ययन करती रही. हालांकि, मंगलवार सुबह जब परिवार ने कमरे का दरवाजा खोला तो वह फंदे पर लटकी हुई मिली.
घटना की सूचना मिलते ही जामुल पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज भेज दिया. पुलिस ने मामले में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
अभी तक आत्महत्या के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है. पुलिस छात्रा के परिवारजनों, शिक्षकों तथा सहपाठियों से पूछताछ कर रही है ताकि पीछे की वजह सामने आ सके.