शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़: कोरबा में पुत्री ने पिता का गला काटा

छत्तीसगढ़: कोरबा में पुत्री ने पिता का गला काटा, खुद ही घोषणा की

C

CG Khabar

10 फ़र. 2026, 02:00 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

कुल्हाड़ी से हत्या
कुल्हाड़ी से हत्या

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के हरदी बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रलिया में एक 27 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर अपने पिता की हंसिया मारकर हत्या कर दी. वारदात की खौफनाक बात यह रही कि हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटी ने खुद ही अपने रिश्तेदारों और ग्रामीणों के सामने जुर्म का इकबाल किया.


प्राप्त विवरण के मुताबिक, मृतक 55 वर्षीय अशोक कुमार केवट रलिया के लिममुंडा बस्ती में अकेले रहते थे, जबकि उनकी पत्नी और तीन बेटियां पिछले करीब आठ वर्षों से कोरबा के आदिले चौक में रहकर मेहनत-मजदूरी और पढ़ाई कर रही थीं. 


सोमवार को परिवार के सदस्य जाति प्रमाण पत्र संबंधी कार्य हेतु गांव आए हुए थे. इसी दौरान देर रात बड़ी बेटी गीता केवट का अपने पिता से किसी बात को लेकर तीखा विवाद हो गया. विवाद इस कदर बढ़ा कि गीता ने आपा खो दिया और घर में रखे हंसिया से पिता के गले पर प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे अशोक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई.


घटना के तुरंत बाद गीता ने घर से बाहर निकलकर अपने चाचा और अन्य ग्रामीणों को सरेआम बताया कि उसने अपने पिता को मार डाला है. मौके पर पहुँचे परिजनों ने जब भीतर का दृश्य देखा तो वहां अशोक का शव खून से लथपथ पड़ा था. 


बताया जा रहा है कि अशोक शराब के आदी थे और अक्सर अपनी माँ व बेटियों के चरित्र पर संदेह करते हुए उनसे झगड़ा किया करते थे, जिससे परिवार लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित था. हरदी बाजार पुलिस ने सूचना मिलते ही तत्परता दिखाते हुए आरोपी बेटी को हिरासत में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की विस्तृत विवेचना शुरू कर दी है.

Symbolic Photo

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP