चेन्नई एयरपोर्ट: एयर अरेबिया विमान का इमरजेंसी गेट खोलने पर यात्री गिरफ्तार
चेन्नई । डेस्क: चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब शारजाह से आए एयर अरेबिया के एक विमान का इमरजेंसी एग्जिट गेट एक यात्री ने टैक्सीवे पर ही खोल दिया. यह घटना रविवार सुबह की है, जब विमान लैंडिंग के बाद टर्मिनल की ओर बढ़ रहा था.
विमान में कुल 231 यात्री सवार थे. जैसे ही पुदुक्कोट्टई के रहने वाले 34 वर्षीय युवक ने दरवाजा खोला, पायलट ने तुरंत विमान रोककर सुरक्षा अधिकारियों को सूचित किया. मौके पर सीआईएसएफ (CISF) के जवानों और बम निरोधक दस्ते ने पहुंचकर स्थिति को संभाला.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यात्री की तबीयत खराब थी और उसे उड़ान के दौरान उल्टियां हुई थीं.
अधिकारियों को संदेह है कि इसी घबराहट या अस्वस्थता के कारण उसने यह कदम उठाया. फिलहाल, पायलट की शिकायत पर यात्री को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ के साथ-साथ उसकी मानसिक स्थिति की भी जांच की जा रही है.
File Photo