CGPSC एसआई परीक्षा का रिजल्ट: 'न्यूज' नाम असली है, फर्जी नहीं
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा आयोजित सब-इंस्पेक्टर भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित होते ही चयन सूची में शामिल एक अनोखा नाम पूरे प्रदेश में कौतुहल का विषय बन गया. रायगढ़ जिले के भाठनपाली गांव के रहने वाले एक अभ्यर्थी का नाम जब 'न्यूज कुमार' के रूप में सामने आया, तो सोशल मीडिया पर इसे लेकर भांति-भांति की चर्चाएं होने लगीं.
इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफार्मों पर कुछ लोगों ने इसे फर्जी प्रोफ़ाइल तक करार दे दिया. हालांकि, अब अभ्यर्थी ने स्वयं सामने आकर इस पूरे मामले की सच्चाई से पर्दा उठाया है.
शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंचे अभ्यर्थी ने अधिकारियों से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत की और अपने नाम को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर किया. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका पूरा नाम न्यूज कुमार प्रधान है. 10वीं और 12वीं की अंकसूची से लेकर आधार कार्ड तथा अन्य सभी प्रमुख सरकारी दस्तावेजों में आधिकारिक रूप से उनका नाम 'न्यूज' ही दर्ज है.
इसी कारण परीक्षा फॉर्म भरते समय उन्होंने कागजातों के अनुसार यही नाम लिखा था, जिससे परिणाम आने के बाद लोगों में असमंजस की स्थिति बन गई.
अपनी पढ़ाई और करियर के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि वे बीते दो सालों से शासकीय पुस्तकालय में बैठकर लगन से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे हैं. वे सीजी व्यापम और सीजीपीएससी दोनों की परीक्षाएं देते आए हैं और इससे पहले भी व्यापम की एक परीक्षा में उत्कृष्ट रैंक हासिल करने पर उनके नाम की काफी चर्चा हुई थी.
नाम की पृष्ठभूमि पर बात करते हुए न्यूज कुमार ने बताया कि गांव में स्कूली पढ़ाई के दौरान सब एक-दूसरे को जानते थे, इसलिए कभी किसी तरह की असहजता नहीं हुई. लेकिन जब वे कॉलेज पहुंचे और बीएससी में दाखिला लिया, तब उन्हें अपने नाम के थोड़े अलग होने का अहसास हुआ.
उस दौरान उन्हें नाम में संशोधन कराने की प्रक्रिया की कोई जानकारी नहीं थी, जिसकी वजह से सभी शैक्षणिक व शासकीय अभिलेखों में यही नाम निरंतर चलता आ रहा है.