रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

अभनपुर में बस-हाइवा में टक्कर, 3 की मौत

अभनपुर में बस-हाइवा में टक्कर से 3 लोगों की मौत हो गई

H

Hupendra Sharma

01 जुल. 2025, 07:05 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

बस-हाइवा में टक्कर
बस-हाइवा में टक्कर

रायपुर | संवाददाताः राजधानी रायपुर से लगे अभनपुर में मंगलवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई. वहीं 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.


आज तड़के करीब 4.30 बजे एक सवारी बस और हाइवा में टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई लोग तो वाहन में ही फंस गए थे.घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सबसे पहले घायलों को बस से निकाल कर अस्पताल पहुंचाया. 

विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक घटना अभनपुर थाना क्षेत्र के केंद्री की है. बताया गया कि मंगलवार की सुबह रॉयल ट्रेवल्स की बस सवारी लेकर जगदलपुर से रायपुर आ रही थी. बस में करीब 20 यात्री सवार थे. इस दौरान अभनपुर-रायपुर हाइवे पर केंद्री गांव के पास ओवरटेक करने के चक्कर में बस सामने चल रही हाइवा से टकरा गई.


टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटना स्थल पर ही तीन लोगों की मौत हो गई. वहीं 6 लोग घायल हो गए. मृतकों में एक महिला और 2 पुरुष हैं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया.


घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया. बताया गया कि 3 मृतकों में अजहर अली निवासी सरगीपाल कोंडागांव, बलराम पटेल निवासी कुम्हारपारा जगदलपुर और बरखा ठाकुर गुरूडीह जिला महासमुंद के रहने वाले थे.


6 घायलों में धनीराम सेठिया निवासी लौंहडीगुड़ा जगदलपुर, गणेश्वर प्रसाद बर्मन असालनार जिला कोंडागांव, भूषण निषाद भवानीपुर जिला बलौदाबाजार, सुमन शर्मा निवासी जमालपुर जिला मुंगेर बिहार वर्तमान में जगदलपुर में रह रही थीं.


इनके अलावा संध्या कुमार थाना बोधघाट जगदलपुर और तीजन यादव कोंडागांव निवासी भी शामिल है. इनमें से तीन घायलों का इलाज अभनपुर के प्राइवेट हॉस्पिटल में चल रहा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP