रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

भाई ने भाई और पति ने पत्नी की ली जान

H

Hupendra Sharma

06 जून 2025, 08:22 AM 3 मिनट में पढ़ें 1

हत्या
हत्या

अंबिकापुर/बिलासपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर और बिलासपुर में मामूली विवाद पर हत्या के दो सनसनीखेज मामला सामने आए हैं. अंबिकापुर में शराब के लिए बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या कर दी. वहीं बिलासपुर में पत्नी की हत्या कर पति फांसी पर झूल गया.


अंबिकापुर में बड़े भाई ने छोटे भाई की गला रेतकर हत्या कर दी. हत्या का कारण शराब को बताया जा रहा है. गुरुवार की रात दोनों भाइयों में शराब पिलाने की बात पर विवाद हुआ. 

विज्ञापन


छोटे भाई ने शराब नहीं पिलाई, इस वजह से बड़े भाई ने गुस्से में आकर उस पर चाकू से हमला कर दिया.


पुलिस के मुताबिक मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के कलाकेन्द्र मैदान के पास का है. दोनों भाई मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण करते थे. 


गुरुवार की शाम को दोनों भाई कला केन्द्र मैदान पर बैठे हुए थे. बड़ा भाई शिवकुमार लकड़ा छोटे भाई नान लकड़ा पर शराब पिलाने के लिए दबाव बना रहा था. 


छोटे भाई ने मना कर दिया तो शिवकुमार नाराज हो गया. इसी बात को लेकर दोनों में कहा-सुनी भी हुई. 


इस बीच नाराज शिवकुमार ने चाकू निकाला और भाई का गला रेत दिया. घटना को अंजाम देने के बाद वह फरार हो गया. 


कुछ देर बाद मृतक की पत्नी और बेटी मौके पर पहुंची तो नान लकड़ा का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था.  इसे देख दोनों ने आसपास से मदद की गुहार लगाई. कुछ देर में आसपास के लोग वहां पहुंच गए. 


लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी.बताया गया कि घटना स्थल से करीब 200 मीटर दूर ही एसपी ऑफिस है. 


सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने में लग गई.


पुलिस ने आरोपी शिव कुमार को देर रात गिरफ्तार कर लिया है.


पत्नी की हत्या कर फांसी पर झूला

दूसरी घटना बिलासपुर के बिल्हा थाना क्षेत्र के केशला गांव की है. यहां मामूली विवाद के बाद पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. 


बताया गया कि केशला निवासी धनश्याम साहू का बीती रात को पत्नी इंदिरा साहू के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ. 


विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर धनश्याम साहू ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया.


कुल्हाड़ी के वार से पत्नी की गर्दन कट गई. इसके बाद पति ने भी फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. 


रात में घर के अन्य लोग सो रहे थे. इसलिए वारदात की जानकारी नहीं हुई. 


शुक्रवार की सुबह उठे तो कमरे में घनश्याम साहू फंदे पर लटकते मिला. वहीं बिस्तर पर इंदिरा साहू का शव भी खून से लथपथ पड़ा हुआ था. 


इस मामले में बिल्हा पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है. पुलिस मृतकों के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. 


पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया तो यही लग रहा है कि घनश्याम साहू ने पहले पत्नी की हत्या की होगी. उसके बाद खुद आत्महत्या कर ली. 


पुलिस के साथ डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक की टीम भी सबूत जुटा रही है. फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखकर आगे की जांच की जा रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP