पत्नी या गर्लफ्रेंड के साथ काम करने से प्रतिस्पर्धा खत्म हो जाती है- सैफ अली खान
मुंबई | मनोरंजन डेस्क: बॉलीवुड के ‘नवाब’ सैफ अली खान ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में ऐसा बयान दिया है जिसने फैंस को चौंका दिया. अपनी एक्स-वाइफ अमृता सिंह और पत्नी करीना कपूर के साथ काम न करने की वजह बताते हुए सैफ ने कहा,“पत्नी या प्रेमिका के साथ काम करना मुझे ठीक नहीं लगता. काम के दौरान स्वस्थ प्रतिस्पर्धा ही इंसान को अपना बेस्ट देने के लिए प्रेरित करती है.”
सैफ के इस बयान ने सोशल मीडिया पर चर्चा छेड़ दी है. फैंस कह रहे हैं- “वाह नवाब, क्या लॉजिक है!”
90 के दशक की शुरुआत को याद करते हुए सैफ ने बताया- “लोग कहते थे कि मैं भाग्यशाली हूं क्योंकि मुझे मौके मिल रहे थे, लेकिन सच्चाई ये थी कि मुझे इंडस्ट्री की टॉप फिल्में नहीं मिलती थीं. हीरो बनने के मौके गिनती के थे.”
सैफ ने माना कि 2000 के बाद हालात बदले, लेकिन उनके अनुसार असली ‘मैजिक’ तब होता है जब कॉम्पिटिशन हो. शायद यही कारण है कि वे करीना के साथ दोबारा काम करने से बचते हैं, भले ही दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री हमेशा हिट रही हो.
हालांकि सैफ ने यह भी साफ किया कि यह कोई सख्त नियम नहीं है. उन्होंने 2021 के एक पुराने इंटरव्यू का जिक्र करते हुए कहा था,“अगर फिल्म स्पेशल हो और डायरेक्टर हमें सिर्फ ‘हसबैंड-वाइफ’ नहीं बल्कि एक्टर्स की तरह कास्ट करे, तो मैं जरूर करना चाहूंगा.” और आगे जोड़ा,
“हम दोनों के पास अपने-अपने करियर हैं. जिंदगी को इंटरेस्टिंग रखने का सबसे अच्छा तरीका है- साथ रहो, लेकिन काम में अलग राहें चुनो.”
करीना और सैफ की जोड़ी ने ‘एलओसी कारगिल’ (2003), ‘ओमकारा’ (2006), ‘तशान’, ‘रोडसाइड रोमियो’ (2008), ‘कुरबान’ (2009) और ‘एजेंट विनोद’ (2012) जैसी फिल्मों में दर्शकों को खूब एंटरटेन किया. विज्ञापनों में भी दोनों की केमिस्ट्री ने तहलका मचाया था. अब सैफ का ताजा बयान सुनकर फैंस के मन में सवाल उठ रहा है, क्या ये जोड़ी दोबारा बड़े पर्दे पर साथ दिखेगी?
करीना जल्द ही ‘दायरा’ में पृथ्वीराज सुकुमारन के साथ नजर आएंगी. इससे पहले उन्होंने ‘सिंघम अगेन’ में अजय देवगन, अक्षय कुमार, दीपिका पादुकोण, टाइगर श्रॉफ और अर्जुन कपूर के साथ धमाल मचाया था.
वहीं सैफ हाल ही में नेटफ्लिक्स की ‘ज्वेल थीफ: द हीस्ट बिगिन्स’ में दिखाई दिए, जिसमें जयदीप अहलावत, कुणाल कपूर और निकिता दत्ता ने भी अहम भूमिकाएं निभाईं. अब वे प्रियदर्शन की अगली फिल्म ‘हेवन’ में अक्षय कुमार और सयामी खेर के साथ नजर आने वाले हैं.