शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

हादसे में मृत महिला का शव रख किया चक्काजाम

H

Hupendra Sharma

30 जून 2025, 02:05 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

 शव रख चक्काजाम
शव रख चक्काजाम

सरगुजा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में सड़क हादसे में मृत महिला के शव को सड़क पर रख ग्रमीणों ने चक्काजाम किया. मुआवजा और स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने घंटों मार्ग बाधित किया.इससे अंबिकापुर मैनपाट मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से बंद रहा.


एसडीएम ने मौके पर पहुंच जब मुआवजा राशि पीड़ित परिवार को उपलब्ध कराया, उसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया. साथ ही ब्रेकर बनाने का काम भी शुरू कराया गया.


दरअसल, दरिमा थाना के कंठी गांव में एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर एक घर में घुस गई थी.


तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से दो महिलाएं और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए थे. घायल एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई. जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आज शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया.


ग्रामीणों द्वारा प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया. अंबिकापुर एसडीएम भागेश सिन्हा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की तीनों मांगों को तत्काल पूरा किया.


मुआवजा 25000 रुपये देने के बाद ब्रेकर बनाने का काम शुरू कर दिया गया. जनपद पंचायत द्वारा वैधानिक मुआवजा भी जल्द दिया जाएगा.


ग्रामीणों की एक मांग चेक पोस्ट के लिए पुलिस जगह की तलाश में जुट गई है.


मामूली विवाद पर चढ़ा दी तीन लोगों पर बोलेरो

इधर बेमेतरा जिले की साजा नगर पंचायत में रविवार देर रात मामूली विवाद के बाद एक युवक ने 3 लोगों पर बोलेरो वाहन चढ़ा दी.


इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं दो गंभीर रूप से घायल हैं. 


बोलेरो चालक मलवेंद्र बनर्जी घटना को अंजाम देने के बाद से फरार है. पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है.


मृतक रतनू नेताम और आरोपी पड़ोसी थे. घटना से गुस्साए लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर देर रात साजा थाने का घेराव किया था.


वहीं घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साजा में इलाज चल रहा है. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP