पीएम मोदी की रैली से पहले हल्दिया में भाजपा कार्यकर्ता का खून
कोलकाता । डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गुरुवार को होने वाली जनसभा से पहले पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के हल्दिया में भारी तनाव व्याप्त है. बुधवार को हल्दिया के बालूघाटा इलाके में नदी के किनारे एक बीजेपी कार्यकर्ता का खून से लथपथ शव बरामद होने से हड़कंप मच गया है.
मृतक की पहचान महादेव विश्वास के रूप में हुई है, जो मंगलवार से लापता थे.
परिजनों के अनुसार, महादेव मंगलवार को घर से निकले थे लेकिन वापस नहीं लौटे. बुधवार को उनका शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ.
मृतक की पत्नी ने हत्या की आशंका जताते हुए कहा कि उनके शरीर पर चोट के निशान हैं और गला फूला हुआ है.
स्थानीय भाजपा नेतृत्व ने इसे एक सुनियोजित हत्या करार दिया है. पार्टी का आरोप है कि चुनाव से पहले डर का माहौल पैदा करने के लिए तृणमूल कांग्रेस के आश्रित बदमाशों ने महादेव की हत्या की है.
बताया जा रहा है कि मंगलवार को भी महादेव इलाके में भाजपा के झंडे लगाते देखे गए थे.
दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. स्थानीय टीएमसी समर्थकों का कहना है कि इस घटना का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है और भाजपा जानबूझकर इस मौत को राजनीतिक रंग दे रही है.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. प्रधानमंत्री के दौरे से ठीक पहले हुई इस घटना ने इलाके में राजनीतिक सरगर्मी और तनाव को काफी बढ़ा दिया है.