शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

'टास्क फोर्स' बनाकर वन कानून कमजोर कर रही भाजपा सरकारें: जयराम रमेश

C

CG Khabar

02 जून 2026, 02:38 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

जयराम रमेश
जयराम रमेश

नई दिल्ली । डेस्क: कांग्रेस ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ सरकारों पर बड़ा हमला बोला है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और महासचिव जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि दोनों राज्यों की सरकारों ने पेसा (PESA) कानून, 1996 और वन अधिकार अधिनियम (FRA), 2006 के कार्यान्वयन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की भूमिका को संस्थागत बनाने के लिए विशेष 'टास्क फोर्स' का गठन किया है. 


उन्होंने दावा किया कि जल्द ही ओडिशा भी ऐसा टास्क फोर्स बनाने वाला तीसरा राज्य बन जाएगा.


जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि ये टास्क फोर्स संसद द्वारा पारित इन दोनों कानूनों के कार्यान्वयन के बुनियादी लोकतांत्रिक ढांचे को नष्ट करने का काम कर रही हैं. 


उन्होंने आरोप लगाया कि इन वैधानिक प्रावधानों को हाईजैक करने के पीछे आरएसएस से जुड़े संगठन 'अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम' का हाथ है, जिससे विशेष रूप से 'ग्राम सभा' की भूमिका और अधिकारों को नुकसान पहुंच रहा है.


कांग्रेस नेता ने इस बात पर जोर दिया कि पेसा कानून और वन अधिकार अधिनियम दोनों ही लंबे जन आंदोलनों का परिणाम थे. इन कानूनों की मूल भावना को ऐसी टास्क फोर्स बनाकर जानबूझकर खत्म किया जा रहा है, जिन्हें कार्यकारी जिम्मेदारियां भी सौंप दी गई हैं. 


जयराम रमेश ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए आगे कहा कि यह कोई संयोग नहीं है. इन टास्क फोर्स का एक बड़ा असर यह होगा कि खनन कंपनियों द्वारा पर्यावरण की अनदेखी करके वन क्षेत्रों में मौजूद समृद्ध प्राकृतिक संसाधनों का दोहन किया जाएगा, जिसमें देश के बड़े कॉर्पोरेट घराने शामिल हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP