बिलासपुर: दो युवाओं की रहस्यमय मौत
बिलासपुर । संवाददाता: बिलासपुर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे दो युवाओं की अलग-अलग घटनाओं में मौत ने शहर में सनसनी फैला दी है. पहले मामले में एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली, जबकि दूसरे युवक की मौत की वजह अभी रहस्य बनी हुई है.
सीपत थाना क्षेत्र के नहरपारा में रहने वाली 29 वर्षीय नीलिमा सत्यार्थी, PSC परीक्षा की तैयारी कर रही थी. नीलिमा ने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी.
घटना तब सामने आई जब परिवार के सदस्यों ने उसे खाने के लिये बुलाया, लेकिन उसका कमरा बंद मिला. दरवाजा तोड़ने पर नीलिमा को पंखे से लटका हुआ पाया गया.
पुलिस के अनुसार, नीलिमा का परिवार हाल ही में घूमने गया था और सभी सामान्य दिख रहे थे. कोई आत्महत्या नोट नहीं मिलने से मामले की वजह अभी स्पष्ट नहीं है. परिजनों से पूछताछ जारी है.
युवक की संदिग्ध मौत, हार्ट अटैक की आशंका
दूसरा मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां 33 वर्षीय अमर प्रताप सिंह, जो पिछले 5 साल से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे, की किराए के कमरे में मृत पाये गये. मकान मालिक ने बताया कि अमर रविवार रात को कमरे में गए और फिर बाहर नहीं निकले. फोन का जवाब नहीं मिलने पर खिड़की से देखा तो वह बिस्तर पर पड़े थे, लेकिन हरकत नहीं कर रहे थे.
पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर जांच की, जहां अमर की लाश मिली. प्राथमिक जांच में हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई गई है. अमर की पत्नी और एक बच्ची भी हैं, जो इस घटना से स्तब्ध हैं.
दोनों घटनाएं अलग-अलग हैं, लेकिन दोनों ही मामलों में पुलिस ने मौत की सही वजह जानने के लिए मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही कोई ठोस निष्कर्ष निकाला जा सकेगा.
यह घटना युवाओं पर प्रतियोगी परीक्षाओं के दबाव और मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दे को फिर से उजागर करती है.