रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

बिलासपुर मेयर का अशुद्ध शपथ पाठ और निगम का शुद्धिकरण

छत्तीसगढ़ की बिलासपुर मेयर का अशुद्ध शपथ पाठ और निगम का शुद्धिकरण

C

CG Khabar

28 फ़र. 2025, 12:08 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

सांप्रदायिकता नहीं संप्रभुता मेयर जी
सांप्रदायिकता नहीं संप्रभुता मेयर जी

बिलासपुर | संवाददाताः मैं पूजा विधानी भारत के संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा रखूंगी. मैं भारत की 'सांप्रदायिकता' और अखंडता को अक्षुण्ण रखूंगी. 


ये शब्द हैं बिलासपुर की नवनिर्वाचित मेयर पूजा विधानी के, जो विधि विधान के साथ बिलासपुर महापौर के रूप में शपथ ग्रहण कर रही थीं. 

विज्ञापन


'सांप्रदायिकता' शब्द ने मंच पर मौजूद लोगों का ध्यान खींचा और आवाज दी गयी कि सांप्रदायिकता नहीं संप्रभुता. 


मेयर का ध्यान इस पर नहीं गया और उन्होंने बिना रुके अपनी शपथ पूरी की. 


इसके बाद उन्हें नये सिरे से दोबारा शपथ दिलवायी गयी और उन्होंने इस बार बिना गलती किये अपनी शपथ पूरी की. 


शपथ में शब्दों की गलती को गंभीर माना जाता है, क्योंकि यह संवैधानिक प्रक्रिया का हिस्सा है. 


हलांकि पूजा विधानी सांप्रदायिकता की जगह सही शब्द संप्रभुता पढ़कर शपथ की प्रक्रिया पूरी कीं और इसके बाद वह शुद्धिकरण में जुट गयीं. 


गंगाजल से शुद्धिकरण
छत्तीसगढ़ में गंगाजल से नगर निगम का शुद्धिकरण करने का अभियान जोर पकड़ रहा है. रायपुर महापौर ने शपथ ग्रहण से पहले कहा था कि वह रायपुर नगर निगम में गंगाजल छिड़ककर उसका शुद्धिकरण करेंगी.

 

इसी तरह की खबर बिलासपुर से है. जहां नवर्वाचित महापौर व पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह के बाद बिलासपुर नगर निगम का गंगाजल से शुद्धिकरण किया गया. 


बिलासपुर महापौर पूजा विधानी ने पूजा अर्चना करते हुए निगम दफ्तर में गंगाजल का छिड़काव किया और इसके बाद वह महापौर की कुर्सी पर बैठीं. 


इस दौरान उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार का भूत हटाने के लिए शुद्धिकरण किया गया है.

 

भाजपा नौटंकी कर रही
लंबे अर्से से राजनीति में सक्रिय रहीं पूजा विधानी की जुबान फिसलने पर लोग चुटकी ले रहे हैं.  


वहीं कांग्रेस ने कहा है कि गंगाजल को लेकर भाजपा नौटंकी कर रही है.


जनता से छल कर रही है. कांग्रेस का कहना है कि भाजपा नेताओं को मानसिक शुद्धिकरण की जरूरत है. 


महापौर पद के नामांकन के दौरान पूजा विधानी पर जाति प्रमाण पत्र को लेकर भी विवाद पैदा हुआ था.


बिलासपुर की नवनिर्वाचित महापौर पूजा विधानी 1996 से भाजपा की सक्रिय सदस्य हैं. 


1998 में पहली बार पार्षद बनीं. महिला मोर्चा में 2 बार प्रदेश महामंत्री रहीं. भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष भी रहीं हैं.
 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP