बिलासपुर: मासूम से स्कूल में उल्टी साफ कराया, प्रधानपाठक को नोटिस
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मस्तूरी विकासखंड के अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला बेलटुकरी में बुखार से पीड़ित एक बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर उससे ही गंदी हुई कुर्सी साफ करवाई गई. स्कूल में अचानक उल्टी होने के बाद मेडिकल सहायता देने के बजाए बच्ची से यह कृत्य कराए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.
वीडियो के सामने आते ही बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत शिक्षा विभाग को सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए. कलेक्टर के सख्त रुख के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) एक्शन में आए और प्राथमिक शाला की प्रधानपाठक भारती खांडे को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया.
डीईओ ने प्रधानपाठक से पूरे घटनाक्रम पर तीन दिनों के भीतर स्पष्ट और तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है.
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि दी गई समय सीमा में यदि प्रधानपाठक का जवाब असंतोषजनक या नियमों के विपरीत पाया जाता है, तो उनके खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी. बीमार छात्रा के साथ हुए इस असंवेदनशील व्यवहार को लेकर स्थानीय लोगों और अभिभावकों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है.