बिलासपुर: संदिग्ध परिस्थितियों में मिला प्रतियोगी छात्र का शव, जहर खाकर जान देने की आशंका
रायगढ़ जिले के घरघोड़ा का रहने वाला 29 वर्षीय उत्तम कुमार गुप्ता बिलासपुर के दयालबंद में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था. रविवार सुबह कमरे से निकलने के बाद सोमवार को संत नगर के पास उसका शव बरामद हुआ.
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे एक 29 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे बरामद हुआ है. मृतक की पहचान रायगढ़ जिले के घरघोड़ा निवासी उत्तम कुमार गुप्ता के रूप में की गई है. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है, जहां सोमवार को लालखदान स्थित संत नगर के पास स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे युवक की लाश देखी. लोगों ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी.
सूचना पाकर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की. वहीं, बेटे की मौत की खबर मिलते ही घरघोड़ा से मृतक के परिजन भी बिलासपुर पहुंच गए हैं.
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस को यह आशंका है कि युवक ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर खुदकुशी की है. हालांकि, उसने किन परिस्थितियों में और कहां जहर पिया, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है.
पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा.
बताया जा रहा है कि उत्तम कुमार बिलासपुर के दयालबंद इलाके में अपने एक दोस्त के साथ किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रहा था.
वह रविवार सुबह अपने कमरे से बाहर निकला था, जिसके बाद अगले दिन सोमवार को उसका शव मिला. फिलहाल पुलिस मृतक के दोस्त और अन्य परिचितों से पूछताछ करने के साथ ही उसके किराए के मकान से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है, ताकि घटनाक्रम और मौत की असली वजह का पता लगाया जा सके.