शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

बिलासपुर: 36 सिटी मॉल के स्पा सेंटर में देह व्यापार का आरोप

C

CG Khabar

28 अग. 2026, 02:01 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

रेप
रेप

बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित 36 सिटी मॉल के एक स्पा सेंटर में काम करने वाली दिल्ली की 22 वर्षीय युवती ने संचालक पर देह व्यापार का दबाव बनाने, मारपीट करने और वेतन रोकने के गंभीर आरोप लगाए हैं. पीड़िता की शिकायत के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. 


आरोप है कि महिला द्वारा अनैतिक काम से मना करने पर आरोपियों ने उसकी सैलरी रोक ली और विरोध करने पर उसका मोबाइल छीनकर मारपीट की.


बिलासपुर के सकरी क्षेत्र में रहने वाली पीड़िता बीते तीन महीनों से 36 सिटी मॉल स्थित 'एक्वा वेलनेस स्पा सेंटर' में कार्यरत थी. युवती का आरोप है कि स्पा संचालक अमन सेन और उसका भाई लोकेश सेन उस पर ग्राहकों के साथ देह व्यापार करने का दबाव बना रहे थे. मना करने पर संचालक द्वारा केबिन में छेड़छाड़ की गई और विरोध जताने पर उसका बकाया वेतन रोक दिया गया. 


जब युवती 25 अगस्त को अपना रुका हुआ वेतन मांगने पहुंची, तो आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने की नीयत से स्पा सेंटर के सीसीटीवी फुटेज डिलीट कर दिए और पीड़िता का मोबाइल छीनकर उसके साथ मारपीट की, जिससे उसके हाथ और कंधे में गंभीर चोटें आईं. घटना के बाद आरोपी ने फोन पर पुलिस के पास जाने पर जान से मारने की धमकी भी दी.


गौरतलब है कि इस मामले का आरोपी स्पा संचालक अमन सेन पूर्व में भी विवादों में रहा है. उसने बिलासपुर के पूर्व एडिशनल एसपी राजेंद्र जायसवाल पर अवैध वसूली के आरोप लगाते हुए एक स्टिंग वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था. उस मामले में राज्य के डिप्टी सीएम विजय शर्मा के निर्देश पर एएसपी को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए थे. 


फिलहाल, इस ताजा मामले में सिविल लाइन पुलिस पीड़िता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP