रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

बिलासपुर: राजनीतिक दल में बड़ा पद दिलाने के नाम पर 82 लाख रुपये की ठगी

C

CG Khabar

29 सित. 2026, 02:09 PM 2 मिनट में पढ़ें 3

गिरफ्तार
गिरफ्तार

बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुलिस ने एक महिला को एक निजी कंसलटेंट से राष्ट्रीय राजनीतिक दल में बड़ा पद दिलाने और पार्टी फंड के नाम पर 82.63 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है, जहां शिकायतकर्ता चेतन आनंद दुबे की मुलाकात 2025 में फेसबुक के माध्यम से निकहत परवीन शबरी उर्फ निक्की से हुई थी.


आरोपी महिला ने खुद को एक राष्ट्रीय राजनीतिक दल की कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेताओं का करीबी बताकर पीड़ित का विश्वास जीता. 

विज्ञापन


उसने पहले पीड़ित के एक जमीन विवाद को सुलझाने का झांसा दिया और फिर राजनीति में उसकी रुचि का फायदा उठाकर पार्टी में वरिष्ठ पद दिलाने का वादा किया. 


इसके बाद महिला ने पीड़ित और उसके साथियों से बैंक खातों तथा नकद के माध्यम से कुल 82,63,194 रुपये ऐंठ लिए. जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे, तो महिला ने उसे डराना-धमकाना और ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया.


पुलिस जांच में सामने आया है कि मनेन्द्रगढ़ निवासी आरोपी महिला का किसी राजनीतिक दल से संबंध नहीं था. 


बिलासपुर पुलिस की टीम ने मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के खोंगापानी स्थित उसके आवास से उसे हिरासत में लिया. 


पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन, दस्तावेज और शिकायतकर्ता का बायोडेटा जब्त किया है. महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी महिला पर पहले से भी रायपुर के सिविल लाइंस थानों में रंगदारी, ब्लैकबोर्डिंग और जुए जैसे विभिन्न अपराध दर्ज हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP