कटघोरा-पेंड्रा मार्ग पर खड़े ट्रेलर में घुसी बाइक, 21 वर्षीय युवक ने तोड़ा दम
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कटघोरा-पेंड्रा मुख्य मार्ग पर देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की असमय मृत्यु हो गई. यह दुर्घटना अमलडीहा बस स्टैंड के पास उस वक्त हुई, जब एक तेज रफ्तार पल्सर बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी.
मृतक की पहचान बनवार गांव निवासी सागर कंवर के रूप में हुई है, जो कटघोरा स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत था. हादसे के समय वह अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद बाइक से वापस अपने घर लौट रहा था.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंधेरे में खड़े ट्रेलर में न तो कोई पार्किंग लाइट जल रही थी और न ही कोई सुरक्षा संकेतक लगाया गया था. विजिबिलिटी बेहद कम होने और रफ्तार तेज होने के कारण सागर को खड़ा ट्रेलर दिखाई नहीं दिया, जिससे उसकी बाइक सीधे उससे जा टकराई.
टक्कर इतनी भीषण थी कि सागर उछलकर दूर जा गिरा और सिर में गंभीर चोट आने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. दुर्घटना के बाद भी बाइक की हेडलाइट जलती रही, जिसे देखकर वहां से गुजर रहे राहगीरों का ध्यान गया और उन्होंने तुरंत डायल 112 को सूचना दी.
घटना की जानकारी मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया है तथा मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है. इधर घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे बनवार गांव में मातम का माहौल छा गया.
इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है. लोगों का कहना है कि कटघोरा-पेंड्रा मार्ग पर ट्रक और ट्रेलर चालक अक्सर बिना किसी संकेतक या पार्किंग लाइट के अपने वाहनों को सड़क किनारे पार्क कर देते हैं. ब्रेकडाउन गाड़ियां भी कई दिनों तक वहीं खड़ी रहती हैं, जिससे अंधेरे में लगातार जानलेवा दुर्घटनाएं हो रही हैं.
स्थानीय ग्रामीणों ने जिला एवं पुलिस प्रशासन से सड़क पर अवैध रूप से खड़े रहने वाले भारी वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने और पार्किंग लाइट अनिवार्य कराने की मांग की है.