भूपेश पहुंचे सेंट्रल जेल, लखमा-भाटिया से की मुलाकात
भूपेश पहुंचे ने सेंट्रल जेल में लखमा और भाटिया से मुलाकात की
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, शराब घोटाला मामले में रायपुर सेंट्रल जेल में बंद पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा से मिलने गुरुवार को जेल पहुंचे थे. वहां उन्होंने कारोबारी विजय भाटिया से भी मुलाकात की.
जेल से बाहर आने के बाद पूर्व सीएम ने कहा कि दोनों की तबीयत खराब है. दोनों की सेहत लगातार गिर रही है. उन्हें स्वास्थ्य सुविधाओं की सख्त जरूरत है. इसके बावजूद उनका उपचार नहीं कराया जा रहा है. जबकि कोर्ट ने उपचार के आदेश दिए हैं.
उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री लखमा तो हार्ट के मरीज हैं, समय पर उपचार नहीं मिलने से उनके स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है.
इसी तरह विजय भाटिया को एल्बुमिन चढ़ता है. गिरफ्तारी के बाद भी उन्हें एल्बुमिन चढ़ाने निजी अस्पताल ले जाया गया था. लेकिन पुलिस बल की कमी का हवाला देकर उन्हें अस्पताल नहीं ले जाना निंदनीय है.
भूपेश बघेल ने कहा कि सरकार व्यक्तिगत दुश्मनी की तहत व्यवहार कर रही है. यह अमानवीय और निंदनीय है. समय बदलते देर नहीं लगती. उन्होंने कहा कि दोनों को एजेंसी ने गिरफ्तार किया है. मामला कोर्ट में चल रहा है. पूछताछ में सहयोग किया जा रहा है. उसके बाद भी जमानत नहीं दी जा रही है. यह सोची समझी साजिश है.
उन्होंने आरोप लगाया है कि एक बंदी को जेल में जो सुविधाएं मिलनी चाहिए वह भी इन दोनों को नहीं मिल रही हैं.