भिलाई: स्वाइन फ्लू पीड़ित बच्ची स्वस्थ होकर लौटी घर
दुर्ग । संवाददाता: दुर्ग जिले के भिलाई स्थित कलर अस्पताल में भर्ती तीन वर्षीय स्वाइन फ्लू पीड़ित बच्ची के पूर्णतः स्वस्थ होने के बाद डॉक्टरों ने उसे छुट्टी दे दी है. मासूम की रिकवरी के साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल को संक्रमण मुक्त करार दिया है. इस सफलता से अस्पताल प्रशासन के साथ-साथ जिले के स्वास्थ्य अमले ने भी राहत की सांस ली है.
अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. रुपेश अग्रवाल की देखरेख में चली निरंतर निगरानी और त्वरित चिकित्सकीय प्रबंधन के कारण बच्ची की सेहत में तेजी से सुधार देखा गया.
स्वस्थ होकर घर लौटते समय बच्ची के माता-पिता ने अस्पताल की पूरी मेडिकल टीम के प्रति आभार जताया.
गौरतलब है कि कुछ समय पूर्व तेज बुखार, सांस लेने में परेशानी और लगातार खांसी के गंभीर लक्षणों के साथ मासूम को अस्पताल लाया गया था.
शुरुआती जांच में एच1एन1 वायरस (स्वाइन फ्लू) की पुष्टि होते ही चिकित्सा टीम ने सतर्कता बरतते हुए उसे तत्काल आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया था. डॉक्टरों की तत्परता और सही इलाज के चलते बच्ची जल्द ही इस संक्रमण को मात देने में सफल रही.