भिलाई: छेड़छाड़ के आरोप में महिला कर्मचारी ने शोरूम GM को पीटा
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ भिलाई नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चौहान ऑटोमोबाइल (मारुति सुजुकी शोरूम) में जमकर हंगामा हुआ. शोरूम में कार्यरत एक महिला स्टाफ ने जनरल मैनेजर अंकित आनंद पर अश्लील मैसेज भेजने, अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने और छेड़छाड़ करने के गंभीर आरोप लगाए हैं.
इस मामले को लेकर शोरूम के भीतर हुई मारपीट का एक वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
विवाद उस समय और बढ़ गया जब 22 मई को पुलिस टीम महिला कर्मचारी की पहले से दर्ज शिकायत की तफ्तीश करने के लिए आरोपी जीएम अंकित आनंद को साथ लेकर शोरूम पहुंची थी. पुलिस की मौजूदगी में ही पीड़िता का गुस्सा फूट पड़ा और उसने जीएम के दफ्तर में दाखिल होते ही उनके चेहरे और कपड़ों पर स्याही फेंक दी.
इसके तुरंत बाद महिला ने जीएम को लगातार कई थप्पड़ और लात जड़ दिए. मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी महिला को शांत कराने और बीच-बचाव करने का प्रयास करते रहे, लेकिन घटना के वक्त वहाँ किसी महिला पुलिसकर्मी की तैनाती न होने के कारण वे केवल समझाइश देते ही नजर आए.
दफ्तर में मौजूद अन्य महिला कर्मचारियों ने भी इस बीच-बचाव में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई.
इस घटना के बाद शोरूम के भीतर काम करने वाली अन्य महिला कर्मचारियों की प्रताड़ना की बात भी खुलकर सामने आ रही है. सूत्रों के मुताबिक, शोरूम की करीब 3 से 4 अन्य महिला स्टाफ भी उक्त जीएम के व्यवहार से काफी परेशान थीं और उन्होंने भी अब इस मामले में शिकायत दर्ज कराने की इच्छा जताई है, हालांकि वे सीधे तौर पर मीडिया के सामने नहीं आईं.
भिलाई नगर के सीएसपी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी जीएम अंकित आनंद के खिलाफ छेड़छाड़ सहित विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है. पुलिस अब शोरूम की अन्य महिला कर्मचारियों के बयान भी दर्ज करेगी और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.