भिलाई: हाईटेक अस्पताल में 32 लाख का गबन, कैशियर गिरफ्तार
भिलाई । संवाददाता: भिलाई के एक निजी चिकित्सा संस्थान में पिछले छह सालों से सेवाएं दे रहे एक भरोसेमंद कर्मचारी ने संस्थान को करीब 32 लाख रुपये का चूना लगा दिया. सुपेला थाना क्षेत्र की स्मृति नगर चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हाईटेक अस्पताल के आरोपी कैशियर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
आरोपी पर आरोप है कि वह रोजाना एकत्रित होने वाली नकदी को बैंक में जमा कराने के बजाय खुद ही हड़प लेता था और प्रबंधन को धोखा देने के लिए बैंक जमा की झूठी ई-मेल सूचनाएं भेजता रहता था.
इस बड़े वित्तीय घोटाले का खुलासा तब हुआ जब अस्पताल संचालक मनोज अग्रवाल ने वित्तीय गड़बड़ियों की आशंका जताते हुए पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलने पर जब पुलिस ने अस्पताल के खातों, लेन-देन के रिकॉर्ड्स और दस्तावेजों की बारीकी से जांच की, तो पता चला कि यह घपला लंबे समय से चल रहा था.
पुलिस पूछताछ में यह बात भी सामने आई कि आरोपी ने गबन की गई राशि से अपने शौक पूरे किए, जिसमें लगभग डेढ़ लाख रुपये का एक प्रीमियम सैमसंग मोबाइल फोन भी शामिल है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है.
धोखाधड़ी का यह खेल रचने वाले 46 वर्षीय जसविंदर सिंह की जिम्मेदारी रोजाना के नकद कलेक्शन को बैंक में सुरक्षित जमा कराने की थी. लेकिन लंबे समय से संस्थान में कार्यरत होने के कारण मिले भरोसे का फायदा उठाकर उसने अधिकारियों को कभी शक नहीं होने दिया.
जब भी प्रबंधन द्वारा जमा राशि का हिसाब-किताब मांगा जाता, वह फर्जी ई-मेल के जरिए पुष्टि भेजकर सभी को गुमराह कर देता था. फिलहाल पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गबन की बाकी रकम कहां-कहां खपाई गई है.