बस्तर: प्रार्थना को लेकर भिड़े दो गुट, पादरी से मारपीट के बाद समझौता
जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में प्रार्थना सभा को लेकर दो समुदायों के बीच एक बार फिर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. जिले के भानपुरी थाना क्षेत्र के रेटावंड गांव में रविवार, 26 अप्रैल को एक पादरी और ग्रामीणों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बात मारपीट तक पहुंच गई.
आरोप है कि ग्रामीणों ने पादरी के साथ अभद्रता और मारपीट की, जिसका वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
मिली जानकारी के अनुसार, ओडिशा से आया एक पादरी अपने परिवार के साथ पिछले कुछ समय से रेटावंड गांव में रह रहा था. स्थानीय ग्रामीणों ने उन पर धर्म प्रचार और धर्मांतरण की गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया, जिसे लेकर रविवार को दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई.
देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों गुटों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत गांव पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. बस्तर पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने बताया कि प्रार्थना गतिविधियों पर आपत्ति के कारण यह विवाद उपजा था.
पुलिस ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बिठाकर चर्चा की, जिसके बाद उनके बीच आपसी समझौता हो गया है. प्रशासन ने एहतियात के तौर पर दोनों पक्षों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है. फिलहाल क्षेत्र में शांति बनी हुई है और पुलिस की कड़ी निगरानी जारी है.