बस्तर का जवान मणिपुर में शहीद
बस्तर | संवाददाताः मणिपुर में उग्रवादियों से हुई मुठभेड़ में छत्तीसगढ़ के बस्तर का रहने वाला जवान रंजीत कश्यप शहीद हो गया है. बस्तर जिले के बालेगा गांव के रहने वाले रंजीत कश्यप ने साल 2016 में असम राइफल्स में अपनी नौकरी शुरू की थी.
बीते रविवार को ही वह एक महीने की छुट्टी से वापस ड्यूटी पर लौटे थे. रंजीत अपने परिवार के इकलौते बेटे थे.
रंजीत की मौत से न केवल उनके बूढ़े माता-पिता का सहारा खत्म हो गया. साथ ही उसकी तीन बच्चियों के सिर से भी पिता का साया उठ गया.
बताया गया कि गांव से असम राइफल्स में नौकरी करने वाला रंजीत अकेला युवक था. रंजीत की नौकरी तीन साल बाकी थी. रिटायर्ड होने के बाद वह वापस गांव लौटने वाला था.
गौरतलब है कि मणिपुर के विष्णुपुर जिले के नंबोल सबल लिकाई इलाके में उग्रवादियों ने असम राइफल्स के एक वाहन पर हमला कर दिया.
अचानक हुई गोलीबारी में दो जवान मौके पर ही शहीद हो गए. जबकि तीन अन्य घायल हुए थे. घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है.
इस हमले में रंजीत की घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी. घटना की सूचना मिलने के बाद से गांव में मातम का माहौल है.
अभी हाल ही में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिंसाग्रस्त मणिपुर का दौरा किया था.