रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

जगदलपुर: भाजपा ने फूंका ममता बनर्जी का पुतला

C

CG Khabar

09 मार्च 2026, 10:31 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

पुतला दहन-जगदलपुर
पुतला दहन-जगदलपुर

जगदलपुर । संवाददाता: पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रवास के दौरान उनके प्रति कथित तौर पर गरिमापूर्ण व्यवहार न किए जाने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है. इस घटनाक्रम को लेकर छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में भारी नाराजगी देखी जा रही है. सोमवार को जगदलपुर में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनका पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया.


प्रदर्शन के दौरान मोर्चा के अध्यक्ष संतोष बघेल ने तृणमूल कांग्रेस सरकार की कार्यशैली पर कड़े प्रहार किए. 

विज्ञापन


उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति का पद किसी दल या राजनीति का नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के गौरव का प्रतीक होता है. संतोष बघेल के अनुसार, बंगाल में राष्ट्रपति के सम्मान के साथ जिस तरह का समझौता किया गया, उसने न केवल संवैधानिक मर्यादाओं को लांघा है, बल्कि इससे पूरे देश के आदिवासी समाज की भावनाओं को भी गहरी ठेस पहुंची है.


इस विरोध प्रदर्शन में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया. 


जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय और महामंत्री परीस बेसरा सहित अन्य नेताओं ने कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों का अनादर लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं है. 


प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति हुई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा. पुतला दहन के दौरान प्रमुख रूप से सफीरा साहू, प्रकाश झा, सुधा मिश्रा और लक्ष्मी कश्यप सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने इस कृत्य को राजनीति का निम्न स्तर करार दिया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP