बस्तर: पिकअप पलटने से 2 महिलाओं की मौत, 37 घायल
जगदलपुर । संवाददाता: बस्तर जिले के घोटिया थाना क्षेत्र में मंगलवार एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई, जिसमें दो महिलाओं ने अपनी जान गंवा दी. प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोहंडीगुड़ा ब्लॉक के सिरिसगुड़ा गांव से एक परिवार और उनके ग्रामीण नारायणपुर के ओरछा में आयोजित एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने गए थे.
मंगलवार की सुबह जब सभी लोग पिकअप वाहन में सवार होकर वापस लौट रहे थे, तभी ढाबामारी के पास चालक ने तेज रफ्तार वाहन पर से नियंत्रण खो दिया. अनियंत्रित होकर पिकअप सड़क पर ही पलट गई, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई.
इस हादसे में 37 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल बचाव दल और पुलिस की मदद से लोहंडीगुड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया.
घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए कई लोगों को बेहतर इलाज के लिए डिमरापाल स्थित मेडिकल कॉलेज (मेकाज) रेफर किया गया है.
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. ग्रामीणों ने बताया कि पिकअप रामधर नामक व्यक्ति की थी, जिसमें क्षमता से अधिक लोग सवार थे.