बालोद: कार की टक्कर से तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत
बालोद । डेस्क: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक रोंगटे खड़े कर देने वाले सड़क हादसे ने तीन हंसते-खेलते परिवारों की खुशियां छीन लीं. डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम खैरीडीह के पास बीती रात एक अनियंत्रित कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई सीधी भिड़ंत में तीन युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
मृतकों की पहचान ग्राम पिंकापार निवासी तरुण यादव (20 वर्ष), राहुल सेवता (20 वर्ष) और नरेंद्र भुआर्या (21 वर्ष) के रूप में हुई है.
मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवक अपनी बाइक पर सवार होकर देवरी-डौंडीलोहारा मार्ग से गुजर रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी घातक थी कि मोटरसाइकिल के पुर्जे-पुर्जे बिखर गए और बाइक सवार तीनों दोस्तों को अस्पताल ले जाने तक का मौका नहीं मिला.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. इस हृदयविदारक घटना के बाद पिंकापार गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने फिलहाल आरोपी कार चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है.