बालोद: ITI में शिक्षक ने की 5 छात्रों की पिटाई, मामला दर्ज
बालोद । संवाददाता: बालोद जिले के राजहरा स्थित शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में विश्वकर्मा पूजा के दौरान एक शिक्षक द्वारा छात्रों की पिटाई का गंभीर मामला सामने आया है. आरोपी शिक्षक फलिन साहू पर गाली-गलौज और पांच विद्यार्थियों के साथ मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है.
नगर पुलिस अधीक्षक विकास पाटले के अनुसार, पीड़ित छात्रों की ओर से मिली लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(3) और 115(2) के तहत अपराध कायम कर मामले की वैधानिक जांच शुरू कर दी है.
यह विवाद उस वक्त शुरू हुआ जब आईटीआई परिसर में पूजा और सामूहिक भोजन की तैयारियाँ चल रही थीं. इसी दौरान छात्र गजेंद्र साहू पानी पीने के लिए अपनी कक्षा की ओर गया. आरोप है कि शिक्षक फलिन साहू ने उसे घूमते हुए देखकर टोका और कहा कि जब बाकी सब काम कर रहे हैं तो वह अकेला क्यों घूम रहा है.
बात बढ़ने पर शिक्षक ने छात्र के साथ अभद्रता करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी.
सहपाठी को पिटता देख जब अन्य छात्र नमन खोबरागड़े, सूरज रंगारी, देवेंद्र निषाद और युवराज साहू बीच-बचाव करने पहुंचे, तो शिक्षक ने उनके साथ भी हाथापाई की, जिससे पांचों छात्रों को चोटें आईं.
घटना से आक्रोशित छात्रों ने तुरंत अपने परिजनों को इसकी सूचना दी. परिजनों के संस्थान पहुंचते ही वहां भारी हंगामा खड़ा हो गया.
स्थिति बिगड़ती देख एसडीएम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने परिजनों और विद्यार्थियों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया, जिसके बाद पीड़ित पक्ष ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई.