रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

भूपेश बघेल बोले: निहत्था हिडमा होता प्रेरणादायक

C

CG Khabar

16 जुल. 2026, 02:01 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

भूपेश बघेल
भूपेश बघेल

दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में नक्सली कमांडर माडवी हिडमा को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है. कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव के एक कथित बयान को ढाल बनाकर भारतीय जनता पार्टी मुख्य विपक्षी दल पर लगातार हमलावर है. इस बीच, सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस पूरे विवाद पर कांग्रेस विधायक का बचाव किया है. 


दुर्ग जिले के गनियारी पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि विधायक की टिप्पणी को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि बस्तर की संस्कृति और वहां के प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करने वाला कोई भी व्यक्ति प्रेरणा का स्रोत हो सकता है.

विज्ञापन


भूपेश बघेल ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि जब विधायक से यह पूछा गया कि क्या इस दायरे में हिडमा भी आ सकता है, तब उन्होंने साफ कहा था कि अगर हिडमा बिना हथियारों के, शांतिपूर्ण तरीके से जल, जंगल और जमीन को बचाने की लड़ाई लड़ता, तो उस स्थिति में उन्हें भी प्रेरणादायक माना जा सकता था. 


इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि आज छत्तीसगढ़ के जंगलों को कॉरपोरेट घरानों को सौंपा जा रहा है और पेड़ों की अंधाधुंध कटाई हो रही है. ऐसे माहौल में जो कोई भी इन प्राकृतिक संपदाओं को बचाने के लिए आगे आएगा, वह निश्चित तौर पर सम्मान का पात्र है.


दूसरी तरफ, भारतीय जनता पार्टी ने इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. रायपुर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नंदन जैन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव द्वारा दुर्दांत नक्सली हिडमा का महिमामंडन किया जा रहा है, जो कई बड़े नक्सली हमलों और सुरक्षा बलों के जवानों की शहादत का मुख्य आरोपी है. 


भाजपा का कहना है कि जहां देश के अधिकांश हिस्सों से माओवादी विचारधारा खत्म हो रही है, वहीं कांग्रेस इसे खाद-पानी देने का काम कर रही है. 


भाजपा ने कांग्रेस से इस विषय पर अपना रुख साफ करने की मांग की है और साथ ही भूपेश बघेल के उस पुराने दावे पर भी सवाल उठाए हैं, जिसमें उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान नक्सली घटनाओं से जुड़े सबूत होने की बात कही थी, लेकिन उन्हें कभी सामने नहीं लाया गया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP