बद्रीनारायण मीणा होंगे बस्तर के नए आईजी
रायपुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी बद्रीनारायण मीणा को बस्तर रेंज का नया पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया है. उनकी नई पदस्थापना के आदेश जारी कर दिए गए हैं. सुंदरराज पी के तबादले के बाद से यह पद खाली था.
बद्रीनारायण मीणा इससे पहले नवा रायपुर स्थित पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिरीक्षक (प्रशासन एवं चयन) के पद पर कार्यरत थे.
वे 2004 बैच के छत्तीसगढ़ कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं.
बद्रीनारायण मीणा का पुलिसिंग करियर विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों से जुड़ा रहा है. वे पहले बिलासपुर रेंज और दुर्ग रेंज के आईजी के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं. वर्ष 2022 में उन्हें दुर्ग रेंज के साथ रायपुर रेंज का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया था.
उल्लेखनीय है कि मीणा को वर्ष 2023 में उत्कृष्ट और विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से भी सम्मानित किया गया था.
बस्तर रेंज में उनकी नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब क्षेत्र में नक्सली लगभग समाप्त हो चुके हैं और प्रभावित इलाकों में विकास एवं शांति की प्रक्रिया को गति देने तथा पुलिस-जन संवाद को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.