25 हजार रिश्वत लेते बाबू गिरफ्तार
सूरजपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो यानी एसीबी की टीम ने सोमवार को तहसील कार्यालय में पदस्थ बाबू को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है.
आरोपी ने जमीन नामांतरण के लिए 25 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी. एसीबी की टीम ने आरोपी बाबू को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ कर रही है. तहसील कार्यालय में पदस्थ बाबू जुगेश्वर राजवाड़े ने केशवनगर निवासी धनेश्वर पैकरा से पैतृक जमीन के नामांतरण के लिए 30 हाजर रिश्वत की मांग की थी.
प्रार्थी ने रिश्वत देने के बजाय इसकी शिकायत रायपुर एंटी करप्शन ब्यूरो से की. टीम रायपुर से सूरजपुर पहुंचकर ट्रैप प्लान कर पहले मामले का सत्यापन कराई.
उस दौरान मोलभाव करने पर आरोपी बाबू 25 हजार रुपए में सहमत हो गया. एसीबी की टीम ट्रैप की योजना के मुताबिक आज प्रार्थी को रंग लगे हुए नोट पकड़ाकर आरोपी बाबू के पास तहसील दफ्तर भेजा.
जैसे ही पीड़ित ने आरोपी के हाथों में पैसे दिए, तभी एसीबी के अधिकारियों ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया. टीम ने उसके कब्जे से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली है. सबूत के तौर पर पूरे ऑपरेशन की वीडियोग्राफी भी की गई है.
आरोपी बाबू से एसीबी की टीम पूछताछ कर रही है. वहीं इस कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में कामकाज प्रभावित रहा.कई कर्मचारी दफ्तर से नदारद दिखे.
फिलहाल इस मामले में न तो प्रशासन की ओर से कोई बयान आया है और न ही एसीबी ने अधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी साझा की है.