रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोटा: शराब के नशे में स्कूल पहुंचे सहायक शिक्षक निलंबित

C

CG Khabar

06 अक्टू. 2026, 04:01 AM 2 मिनट में पढ़ें 4

निलंबित
निलंबित

बिलासपुर । संवाददाता: बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र स्थित विद्यामंदिर प्राथमिक स्कूल के एक सहायक शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है. प्रारंभिक जांच में शिक्षक के स्कूल परिसर में शराब के नशे में आने, अभद्र व्यवहार करने और काम के घंटों के दौरान अमर्यादित आचरण का दोषी पाया गया. इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) संदीप पांडे ने त्वरित संज्ञान लेते हुए यह कार्रवाई की.


वायरल वीडियो में शिक्षक न केवल शराब के नशे में जवाब देते नजर आ रहे हैं, बल्कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ भी बेहद आपत्तिजनक और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया है. इसके साथ ही, वीडियो में शिक्षक बार-बार यह दावा करते दिख रहे हैं कि उन्हें पिछले करीब 10 महीनों से वेतन नहीं मिला है.

विज्ञापन


प्रधानाध्यापक और क्लस्टर शैक्षणिक समन्वयक (सीएसी) द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट के आधार पर डीईओ ने स्पष्ट किया कि शिक्षक का ऐसा आचरण पद की गरिमा के प्रतिकूल है और इससे शैक्षणिक संस्थान की छवि धूमिल हुई है. 


चूंकि यह स्कूल एक अनुदान प्राप्त (ऐडेड) संस्थान है और इसका संचालन एक समिति द्वारा किया जाता है, इसलिए डीईओ ने स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और सचिव को संबंधित सेवा नियमों के तहत शिक्षक को तत्काल निलंबित कर 24 घंटे के भीतर अनुपालन रिपोर्ट जमा करने के निर्देश दिए हैं.


दूसरी ओर, 10 महीने से वेतन न मिलने के शिक्षक के आरोपों ने शिक्षा विभाग के सामने एक नया सवाल खड़ा कर दिया है. वेतन में देरी की असल वजह क्या है और क्या शिक्षक ने पहले इसकी शिकायत अधिकारियों से की थी, इन बिंदुओं की जांच की जा रही है. जिला प्रशासन ने पूरे मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है और आगामी कार्रवाई विभागीय जांच के निष्कर्षों पर निर्भर करेगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP