रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

अंबिकापुर: निर्माणाधीन मॉल में करंट की चपेट में आने से मजदूर की मौत

C

CG Khabar

01 सित. 2026, 05:06 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

करेंट से मौत
करेंट से मौत

अंबिकापुर । संवाददाता: अंबिकापुर शहर के कोतवाली थाना अंतर्गत नए बस स्टैंड के समीप निर्माणाधीन वसुंधरा सिटी मॉल में एक बड़ा हादसा हो गया. यहां काम करने के दौरान बिजली का तेज झटका लगने से बेलखरिखा निवासी अशोक कुमार नामक मजदूर की जान चली गई. घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य साथी मजदूरों ने उसे तत्काल नजदीकी संजीवनी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों की कड़ी मशक्कत के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका.


मॉल संचालक केएन सिंह के अनुसार, यह हादसा उस वक्त हुआ जब लिफ्ट मशीन से सामग्री ऊपर ले जा रही ट्रॉली में अचानक बिजली का करंट उतर आया और अशोक उसकी चपेट में आ गया. 

विज्ञापन


उन्होंने बताया कि मृतक का पूरा परिवार उनके यहां ही कार्यरत है और प्रबंधन इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवार की हरसंभव सहायता कर रहा है. 


अस्पताल के संचालक डॉ. अजय तिर्की ने जानकारी दी कि मरीज को बेहद गंभीर अवस्था में लाया गया था, जहां बीपी और पल्स न मिलने पर डॉक्टरों की टीम ने सीपीआर और आपातकालीन दवाएं दीं, पर दुर्भाग्य से उसकी मृत्यु हो गई.


इधर घटना के बाद मृतक के परिजनों ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी और घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया. परिजनों का कहना है कि बिना पर्याप्त सुरक्षा उपायों के मजदूरों से काम कराया जा रहा था. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP