रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

अंबिकापुर: इंडिया गठबंधन का 'वोट बचाओ, देश बचाओ' प्रदर्शन

C

CG Khabar

09 अक्टू. 2026, 03:02 AM 2 मिनट में पढ़ें 3

कांग्रेस प्रदर्शन- अंबिकापुर
कांग्रेस प्रदर्शन- अंबिकापुर

अंबिकापुर । संवाददाता: देश की निर्वाचन प्रणाली में कथित गड़बड़ियों और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के मुद्दे पर इंडिया गठबंधन ने आक्रामक रुख अपना लिया है. गठबंधन के घटक दलों कांग्रेस, सीपीएम और सीपीआई ने एकजुट होकर 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान के प्रथम चरण के तहत एक विशाल संयुक्त रैली का आयोजन किया. 


कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर यह विरोध मार्च कलेक्टोरेट चौक और विवेकानंद चौक से होता हुआ गांधी प्रतिमा स्थल तक पहुंचा, जहां राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर प्रदर्शन समाप्त हुआ.

विज्ञापन


प्रदर्शन के दौरान गांधी चौक पर एकत्र हुए कार्यकर्ताओं ने वयस्क मताधिकार से संबंधित संविधान के अनुच्छेद 326 का सामूहिक पाठ किया. इस अवसर पर नेताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए. 


कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के नाम पर देश भर में लगभग 13 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं. वहीं सीपीआई प्रतिनिधि कामरेड अनिल द्विवेदी ने चेताया कि देश की मौजूदा चुनावी व्यवस्था धीरे-धीरे 'इलेक्टोरल ऑटोक्रेसी' यानी चुनावी तानाशाही की तरफ बढ़ रही है.


रैली के बाद आयोजित आमसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि निष्पक्ष चुनाव कराने के बजाय वोट चोरी के मामलों को बढ़ावा दिया जा रहा है. 


भगत ने मुख्य चुनाव आयुक्त को तत्काल प्रभाव से पद से हटाकर गिरफ्तार किए जाने की मांग की और कहा कि इस पूरे घटनाक्रम में सत्तापक्ष का बचाव यह स्पष्ट करता है कि मामला बेहद संदिग्ध है. सीपीएम नेता चंद्र प्रकाश शुक्ला ने भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के संरक्षण में लोकतांत्रिक संस्थाओं और निष्पक्ष चुनाव तंत्र को नुकसान पहुंचाया जा रहा है.


इसी दौरान, दिल्ली में इंडिया गठबंधन के सांसदों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा द्वारा 'काला दिवस' मनाया गया. हाथों में काले बैनर-पोस्टर और बांहों पर काली पट्टी बांधकर कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध दर्ज कराया. 


कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि पार्टी किसी भी तरह के दमन या दबाव से पीछे नहीं हटेगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि संवैधानिक मूल्यों और जनहित की लड़ाई को सड़क से लेकर संसद तक मजबूती से जारी रखा जाएगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP