शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

आरोप- यूपी BJP MLA सुशांत सिंह के आवास पर 3 युवकों को बंधक बनाकर बिजली के झटके दिए गए

C

CG Khabar

11 अक्टू. 2026, 08:10 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

बिजली
बिजली

लखनऊ । डेस्क: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में बढ़ापुर से बीजेपी विधायक सुशांत सिंह के आवास पर चोरी के शक में तीन युवकों को बंधक बनाकर बेरहमी से प्रताड़ित करने का आरोप लगा है. पीड़ितों का आरोप है कि विधायक के बेटे का सोने का कंगन गायब होने के बाद उनके साथ यह अमानवीय व्यवहार किया गया. 


इस मामले में पुलिस से छह नामजद और नौ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की मांग की गई है, हालांकि पुलिस की ओर से फिलहाल कोई केस दर्ज नहीं किया गया है.


पीड़ित परिवार के अनुसार, विधायक के घर घरेलू सहायक के रूप में काम करने वाले अतुल और लवेश तथा उनके दोस्त रामू को विधायक के आवास पर बंधक बनाया गया था. रामू की मां ओमवती ने आरोप लगाया कि 7 अक्टूबर को विधायक का एक सहयोगी उनके बेटे को घर से उठाकर ले गया था. 


ओमवती का दावा है कि तीनों युवकों को उल्टा लटकाकर पट्टों से पीटा गया, बिजली के झटके दिए गए और उनके जख्मों पर नमक छिड़का गया.


प्रताड़ना के बाद तीनों युवकों को काशीपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां रामू की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है. वहीं, बीजेपी विधायक सुशांत सिंह ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए बेबुनियाद बताया है. उनका कहना है कि गायब कंगन के सिलसिले में घरेलू सहायकों से केवल पूछताछ की गई थी और उनके साथ कोई मारपीट नहीं हुई है.


इस घटना को लेकर सियासी पारा भी चढ़ गया है. मुरादाबाद से समाजवादी पार्टी की सांसद रुचि वीरा ने पीड़ितों के लिए त्वरित न्याय और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. दूसरी ओर, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कुंवर आकाश सिंह का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और तफ्तीश के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. Symbolic Photo.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP