शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

आरोप- ओसमान हादी की हत्या अवामी लीग के इशारे पर हुई

C

CG Khabar

06 जन. 2026, 02:52 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

शरीफ ओसमान हादी
शरीफ ओसमान हादी

ढाका । डेस्क: बांग्लादेश पुलिस ने छात्र नेता शरीफ ओसमान हादी की हत्या के मामले में मंगलवार 6 जनवरी, 2026 को 17 लोगों के खिलाफ औपचारिक आरोप पत्र दाखिल कर दिया है. ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस के डिटेक्टिव ब्रांच के अतिरिक्त आयुक्त मोहम्मद शफीकुल इस्लाम ने प्रेस ब्रीफिंग में स्पष्ट आरोप लगाया कि हादी की हत्या 'राजनीतिक प्रतिशोध' के चलते अवामी लीग के इशारे पर की गई थी. 


'इंकलाब मंच' के प्रवक्ता और 2024 के जन-आंदोलन के प्रमुख चेहरे रहे 32 वर्षीय हादी को 12 दिसंबर को ढाका में चुनाव प्रचार के दौरान सिर में गोली मार दी गई थी, जिसके बाद 18 दिसंबर को सिंगापुर में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई.


पुलिस जांच के अनुसार, हादी द्वारा प्रतिबंधित अवामी लीग और उसके छात्र संगठन 'छत्र लीग' की तीखी आलोचना से नेता और कार्यकर्ता नाराज थे. 


मामले में मुख्य शूटर फैसल करीम मसूद को छात्र लीग से सीधे तौर पर जुड़ा बताया गया है, जबकि पल्लबी थाना छात्र लीग के अध्यक्ष और अवामी लीग समर्थित वार्ड पार्षद तैजुल इस्लाम चौधरी बप्पी पर आरोपियों को भगाने में मदद करने का आरोप है. 


अब तक इस मामले में 12 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं. हालांकि गृह मामलों के सलाहकार जहांगीर आलम चौधरी ने बुधवार को आरोप पत्र दाखिल करने की बात कही थी, लेकिन इंकलाब मंच के बढ़ते विरोध प्रदर्शनों के बीच पुलिस ने एक दिन पहले ही इसे अदालत में पेश कर दिया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP