रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

अकलतरा: तालाब में डूबने से दो मासूम बहनों की असमय मौत

C

CG Khabar

22 मई 2026, 02:15 AM 2 मिनट में पढ़ें 3

पानी में डूबना
पानी में डूबना

जांजगीर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां अकलतरा इलाके के ग्राम अर्जुनी में एक दुखद हादसे के दौरान दो सगी बहनों की पानी में डूबने से जान चली गई. इस हृदय विदारक घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.


यह दुखद वाकया गुरुवार दोपहर का है. अशोक रात्रे की दो मासूम बेटियां, मुस्कान (9 वर्ष) और श्रुति (8 वर्ष), अपनी दादी के साथ गांव के स्कूल के पास स्थित तालाब पर गई थीं. दोपहर लगभग साढ़े बारह बजे जब दादी तालाब के किनारे कपड़े धोने में व्यस्त थीं, तभी दोनों बहनें वहां खेलते-खेलते अचानक गहरे पानी की तरफ चली गईं और गहराई का अंदाजा न होने के कारण डूबने लगीं.

विज्ञापन


कपड़े धोने के बाद जब दादी की नजर बच्चों पर नहीं पड़ी, तो उन्होंने घबराकर शोर मचाया. आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए और तालाब में बच्चियों की खोजबीन शुरू की. काफी मशक्कत के बाद दोनों बहनों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक वे अचेत हो चुकी थीं.


ग्रामीणों और परिजनों ने बिना समय गंवाए दोनों बच्चियों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकलतरा पहुंचाया. 


हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. इस खबर के मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. अस्पताल प्रशासन की ओर से इस हादसे की जानकारी अकलतरा थाना और कोटमीसोनार पुलिस सहायता केंद्र को दे दी गई है. पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP