रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

हिमंत बिस्वा सरमा को सीख: असम बाढ़ और महंगाई पर ध्यान दे- भूपेश बघेल

C

CG Khabar

13 सित. 2026, 01:50 AM 2 मिनट में पढ़ें 3

भूपेश बघेल
भूपेश बघेल

गुवाहाटी । डेस्क: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और असम में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को सीख दी है. राजीव भवन में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए बघेल ने कहा कि असम सरकार को छत्तीसगढ़ के बजाय अपने राज्य में बाढ़ पीड़ितों को राहत पहुंचाने और लगातार बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण पाने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए.


भूपेश बघेल ने 'डबल इंजन' सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि असम में बाढ़ से प्रभावित लोगों तक मदद नहीं पहुंच पा रही है. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में चुनाव साल 2028 में हैं, इसलिए मुख्यमंत्री सरमा को वहां की चिंता करने की बजाय असम के लोगों को पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और चीनी के बढ़ते दामों से राहत दिलाने के बारे में सोचना चाहिए.

विज्ञापन


बातचीत के दौरान बघेल ने नगांव लोकसभा उपचुनाव को लेकर कांग्रेस की रणनीतियों पर भी चर्चा की. उन्होंने बताया कि असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा उम्मीदवारों और चुनाव रणनीति को लेकर सिलसिलेवार बैठकें आयोजित की जा रही हैं. 


उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य स्तर पर नामों को शॉर्टलिस्ट कर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) को भेजा जाएगा, जहां से अंतिम उम्मीदवार की घोषणा की जाएगी. चुनाव आयोग ने नगांव सीट पर 6 अक्टूबर 2026 को मतदान और 9 अक्टूबर 2026 को मतगणना की तारीख तय की है.


इसके साथ ही ब्रिक्स शिखर सम्मेलन पर बात करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि ब्रिक्स की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में हुई थी. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया कि क्या वे शिखर सम्मेलन के दौरान चीन के नेतृत्व के सामने गलवान और अरुणाचल प्रदेश से जुड़े मुद्दों को उठाएंगे.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP