बंधक बनाकर नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपी ढाबा संचालक जेल भेजा गया
राजनांदगांव । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में एक बेहद संवेदनशील और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने एक नाबालिग लड़की को खुदकुशी के लिए मजबूर करने और उसके साथ यौन शोषण करने के आरोप में ढाबा संचालक को गिरफ्तार किया है. पकड़ा गया आरोपी रंजीत सिंह (22 वर्ष) मूल रूप से महाराष्ट्र के गोंदिया जिले का रहने वाला है, जो यहां टेडेसरा इलाके में पीएनआर ढाबा चला रहा था. पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है.
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित लड़की की मां ने सोमनी थाने में न्याय की गुहार लगाई. शिकायत के मुताबिक, मृतका कुछ महीने पहले कॉल सेंटर में नौकरी करने की बात कहकर टेडेसरा आई थी.
शुरुआत में वह आरोपी रंजीत के ढाबे पर ही रुकी और बाद में पास में ही एक कमरा किराए पर लेकर रहने लगी.
इस दौरान आरोपी ने लड़की को अपने चंगुल में फंसा लिया. वह जब भी अपने घर वापस जाने की बात कहती, आरोपी उसे कमरे में बंद कर देता, उसके साथ मारपीट करता और जबरन शारीरिक संबंध बनाता था.
आरोपी की इस हैवानियत और लगातार मिल रही प्रताड़ना से टूटकर आखिरकार नाबालिग ने मौत को गले लगा लिया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के कड़े निर्देशों पर सोमनी थाना प्रभारी दिलीप पटेल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था.
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है.
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 (दुष्कर्म), 127(2) (बंधक बनाना), 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और पॉक्सो एक्ट की सख्त धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है.