रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

शेयर बाजार के नाम पर 1.77 करोड़ की ठगी का आरोपी गिरफ्तार

C

CG Khabar

19 जून 2026, 02:05 PM 3 मिनट में पढ़ें 2

 विश्वजीत देवनाथ
विश्वजीत देवनाथ

रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए शेयर बाजार में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपी ने कथित तौर पर आकर्षक रिटर्न का झांसा देकर 13 से अधिक निवेशकों से करीब 1.77 करोड़ रुपये की ठगी की थी. 


पुलिस ने आरोपी को जांजगीर-चांपा जिले से दबोचा, जिसके बाद कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

विज्ञापन


पुलिस के अनुसार, इस मामले की शुरुआत 30 मई को रायगढ़ निवासी संजय मिश्रा की शिकायत के बाद हुई, जिन्होंने कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया था. शिकायतकर्ता के मुताबिक, साल 2022 में उनकी मुलाकात पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के रहने वाले विश्वजीत देवनाथ (43) से हुई थी. 


विश्वजीत ने खुद को एलईडी बल्ब निर्माता और शेयर बाजार का ट्रेडर बताया. उसने निवेशकों को लुभाने के लिए हर महीने 6 फीसदी रिटर्न और साथ में मूलधन का 10 फीसदी हिस्सा वापस करने का झांसा दिया.


इस आकर्षक ऑफर के झांसे में आकर संजय मिश्रा ने एक निजी बैंक से 12 लाख रुपये का लोन लेकर निवेश कर दिया. शुरुआत में आरोपी ने विश्वसनीयता बनाने के लिए नियमित रूप से रिटर्न दिया. इस भरोसे के कारण अन्य लोग भी इस कथित स्कीम से जुड़ते चले गए और देखते ही देखते आरोपी ने रायगढ़ के 13 से ज्यादा लोगों से 1.77 करोड़ रुपये वसूल लिए.


दस्तावेज न मिलने पर खुला राज


निवेशकों को ठगी का अहसास तब हुआ जब उन्हें पता चला कि शेयर बाजार में ट्रेडिंग के लिए डीमैट अकाउंट का होना अनिवार्य है, जबकि आरोपी ने उन्हें ट्रेडिंग से जुड़ा कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिया था. 


पुलिस की पूछताछ में आरोपी विश्वजीत ने कबूल किया कि उसने निवेशकों से पैसे लेकर अलग-अलग बैंक खातों और ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म्स के जरिए निवेश किए थे, लेकिन मई 2025 के बाद शेयर बाजार में भारी घाटा होने के कारण वह निवेशकों की रकम लौटाने में असमर्थ हो गया और फरार हो गया.


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ चांपा थाने में भी धोखाधड़ी का एक पुराना मामला दर्ज है. फिलहाल पुलिस आरोपी के बैंक खातों, ट्रेडिंग रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन की बारीकी से जांच कर रही है ताकि इस गिरोह के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके. 


इसके साथ ही पुलिस ने आम जनता को सचेत किया है कि वे अत्यधिक मुनाफे का लालच देने वाली योजनाओं से दूर रहें और निवेश करने से पहले दस्तावेजों की पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP