अभनपुर हत्याकांड: प्रेम प्रसंग में युवक को जिंदा दफन किया, 5 गिरफ्तार
अभनपुर । डेस्क: छत्तीसगढ़ के अभनपुर थाना क्षेत्र में हाल ही में मिले एक अज्ञात शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है. यह मामला महज एक हत्या का नहीं, बल्कि क्रूरता की सारी हदें पार करने वाला निकला. पुलिस तफ्तीश में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ कि 29 वर्षीय युवक नितेश बत्रा को आरोपियों ने अधमरी हालत में ही जमीन के नीचे जिंदा दफन कर दिया था, जिससे दम घुटने के कारण उसकी मौत हो गई.
वारदात की जड़ में प्रेम प्रसंग को बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, मृतक नितेश को मुख्य आरोपी की महिला मित्र के घर के पास देखा गया था, जिससे विवाद की स्थिति बनी.
गुस्से में आए आरोपियों ने पहले युवक की बेरहमी से पिटाई की और जब वह बेहोश हो गया, तो उसे वाहन में डालकर ग्राम भरेंगाभाठा के पास एक मुरूम खदान में ले गए.
वहां आरोपियों ने उसे एक गहरे गड्ढे में डालकर मिट्टी से दबा दिया और मौके से फरार हो गए.
21 मार्च को जब राहगीरों ने गड्ढे से एक हाथ और पैर बाहर निकला देखा, तब इस जघन्य अपराध का पता चला.
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घेराबंदी करते हुए एक महिला, दो पुरुष और दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है.
पकड़े गए आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल की गई लकड़ी और वाहन भी बरामद कर लिया गया है.
फिलहाल एक अन्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जिसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है.